मुखानी कोतवाली के छड़ायल मोड़ के पास मंगलवार रात दो मंजिला मकान में आग लग गई। पड़ोसियों ने दमकल को सूचना दी, टीम ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के मुताबिक मकान छह माह से बंद पड़ा था।
हल्द्वानी शहर के मुखानी कोतवाली के छड़ायल मोड़ के पास मंगलवार रात दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। खिड़की से लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने दमकल को सूचना दी। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि रात करीब 7:30 बजे दमकल कार्यालय पर आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि जिस मकान में आग लगी थी, वह छह माह से बंद पड़ा है और परिवार विदेश में रह रहा है। शुरुआती जांच में स्टेबिलाइजर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। भवन स्वामियों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।