- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को फर्जी पहचान और दस्तावेज के जरिये झांसे में लेकर 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आर्य वानप्रस्थ आश्रम ज्वालापुर निवासी व्यक्ति ने साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी गलत पहचान बताकर उन्हें झांसे में लिया और धोखाधड़ी कर 18 लाख रुपये हासिल कर लिए। आरोप है कि ठगी को अंजाम देने के लिए फर्जी दस्तावेज का भी इस्तेमाल किया गया।
उनका परिचित बनकर भ्रमित किया गया। धोखाधड़ी का पता चलने पर साइबर थाना देहरादून में शिकायत दर्ज कराई, जहां से ई-जीरो एफआईआर ज्वालापुर कोतवाली ट्रांसफर की गई। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ संजय चौहान ने बताया कि मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है। जांच आगे बढ़ाई जा रही है।