हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद शुद्धिकरण के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संजय कुमार आर्य ने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर सीएम धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण का मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। नैनीताल नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संजय कुमार आर्य (संजू) ने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े गिरीश पांडे समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा हुई थी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बाजपुर विधायक यशपाल आर्य, सांसद कुमारी शैलजा समेत कई दलित नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए थे। आरोप है कि जनसभा के बाद गिरीश पांडे और अन्य लोगों ने मैदान में गंगाजल का छिड़काव कर हवन-पूजन कराया और इसे ‘शुद्धिकरण’ के तौर पर प्रचारित किया।
संजय आर्य का आरोप है कि यह कृत्य दलित समुदाय को अपमानित करने तथा समाज में छुआछूत और अस्पृश्यता की भावना को बढ़ावा देने वाला है। तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर कथित शुद्धिकरण का बचाव करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 30 अगस्त के बयान का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड में खड़गे की जाति कोई नहीं जानता। शिकायतकर्ता ने इसे भी आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में संविधान के अनुच्छेद 17, नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम-1955 की धारा 7 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)( आर) और 3(1)( यू ) का हवाला दिया गया है। पुलिस से मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। कोतवाल राजेन्द्र रावत ने बताया कि मामले में उच्च अधिकारियों को सूचित कर उनके निर्देशों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
इस समय जनपद के विभिन्न थानों व कोतवाली में कांग्रेस व बीजेपी कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों की ओर से पार्टीयों व पार्टी से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ शिकायतें दी जा रही हैं। सभी शिकायतों पर जांच की जा रही है। डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी, नैनीताल