नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र में पुलिस चौकी के ठीक बगल में स्थित रोडवेज के नए भवन के कमरों में गंदगी और शराब की खाली बोतलें पड़ी होने से कानून-व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन कमरों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और वे यहां शराब पीकर खाली बोतलें व कूड़ा छोड़ जाते हैं। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के प्रस्तावित निरीक्षण से पहले जिला विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों ने जल्दबाजी में कूड़ा इकट्ठा कर दरवाजे बंद कर दिए। हालांकि, आयुक्त ने इन कमरों का निरीक्षण नहीं किया। स्थानीय लोगों ने आयुक्त के समक्ष यह समस्या उठाई और पुलिस चौकी के पास ऐसी गतिविधियों पर नाराजगी जताई। आयुक्त दीपक रावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।