हल्द्वानी। 20वीं कैडेट राष्ट्रीय तलवारबाजी स्पर्धा आज (सोमवार) से गौलापार में शुरू होगी। प्रतियोगिता में देशभर से अंडर 17 आयुवर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रविवार को फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव ने प्रतियोगिता के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 13 सितंबर तक नेशनल फेंसिंग टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 24 बालक और बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि गौलापार में तलवारबाजी के आधुनिक उपकरण मौजूद हैं। उन्होंने कैंटीन, सफाई, खिलाड़ियों की सुरक्षा और मेडिकल व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, सहायक उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, उपक्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, फुटबॉल खिलाड़ी देवेंद्र बिष्ट देबू, बास्केटबॉल खिलाड़ी एनएस रावत आदि मौजूद रहे।
ये राज्य लेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के अलावा आंध्र प्रदेश, असोम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, स्पोर्ट्स सर्विसेज कंट्रोल बोर्ड, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
19 से इंटरनेशनल एशियन कैडट कप
हल्द्वानी। तलवारबाजी स्पर्धा के बाद चार दिनी इंटरनेशनल एशियन कैडट कप का आयोजन किया जाएगा। गौलापार स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता 19 से 22 सितंबर तक होगी। इसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।