लालकुआं। लालकुआं और हल्दी रेलवे लाइन के बीच रेल ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आकर घायल मादा हाथी की 19 दिन बाद मौत हो गई। सोमवार को डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम करवाकर हाथी को दफना दिया।
15 नवंबर की रात लालकुआं और हल्दी रेल ट्रैक के बीच दिल्ली जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आकर नौ साल की मादा हाथी घायल हो गई थी। पशु चिकित्सकों की निगरानी में घायल हथिनी का इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह मादा हाथी ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे डॉ. हिमांशु पांगती, डॉ. तरुण कुमार, एसडीओ शशि देव, बायोलॉजिस्ट प्रशांत कुमार और रजत जोशी की उपस्थिति में मृत हाथी का पोस्टमार्टम कर दफना दिया गया।