हल्द्वानी। शहर के क्वींस पब्लिक स्कूल में छात्र के हाथ पर बैट मारने और उससे हड्डी टूटने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बेटे के साथ कोतवाली गए पिता ने स्कूल के शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी है।
कालाढूंगी रोड स्थित पांडे निवास वार्ड नंबर 11 निवासी किरन श्रीवास्तव ने तहरीर में कहा कि उनका बेटा इस स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र है। स्कूल के ही स्पोर्ट्स टीचर प्रशांत चौधरी ने बेटे के हाथ पर बल्ला मार दिया। इससे हाथ की हड्डी टूट गई। शिक्षा अधिनियम के तहत किसी भी बच्चे को मारने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। ताकि किसी और के बेटे या बेटी के साथ ऐसी घटना न हो। कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल में छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना का संज्ञान लिया गया है। पीटने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। -बीबी पांडे, प्रधानाचार्य, क्वींस पब्लिक स्कूल।