धान और गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं होने से आक्रोशित किसानों ने कटोरा लेकर भीख मांगी और सांकेतिक धरना भी दिया। इस दौरान किसानों ने भाजपा प्रदेश सरकार पर अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही चेताया कि जल्द ही प्रदेश सरकार नहीं चेती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को 12 बजे नगर स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर क्षेत्र के किसानों से किसान सेवक अजीत प्रताप सिंह रंधावा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ऑनलाइन धान खरीद होने के 48 घंटे के भीतर भुगतान देने का वादा किया था लेकिन धान खरीद के 48 दिन बाद भी भुगतान नहीं हुआ है।
प्रदेश सरकार धान का मूल्य नहीं दे सकती तो किसानों का धान वापस कर दे। किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष सुखदेव सिंह और कृषक प्रताप सिंह संधू ने कहा कि भाजपा सरकार ने अन्नदाता को मझधार में छोड़ दिया है।
फसल के दामों की घोषणा के बाद भी भुगतान नहीं होना समझ से परे है। किसान बच्चों की स्कूली फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। कागजों में धान की अधिक खरीद की जांच चल रही है, जबकि किसानों का धान भारी मात्रा में रखा है।
जल्द ही प्रदेश सरकार नहीं चेती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र सिंह गिल, विक्रम कपूर, सुनील डोगरा, गुरवीर सिंह, अवतार सिंह, रणजोत सिंह, अमरनाथ शर्मा, प्रिंसदास, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, राजकिशोर आदि थे।