पिथौरागढ़। थरकोट गांव में जहर से विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी सास, पति और जेठ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के बयान भी ले लिए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती मृतका की जेठानी की तबियत में सुधार है।
थरकोट गांव में बृहस्पतिवार को देवरानी हिमानी भंडारी की जहर से मौत हो गई थी, जबकि उसकी जेठानी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एसटीएच रेफर किया गया था। परिजनों का कहना था कि घरेलू विवाद में दोनों ने जहर खा लिया है जबकि मृतका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे थे।
शुक्रवार को मृतका हिमानी की मां पुष्पा रावल की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने सास राधिका भंडारी, पति अजय भंडारी और जेठ ललित भंडारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजस्व पुलिस ने तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 304 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, जहर खाने से बेहोश जेठानी की तबियत में सुधार बताया जा रहा है।
मायके पक्ष का आरोप, गला घोंटकर खिलाया गया जहर
पिथौरागढ़। मृतका के मायके वालों का कहना है कि हिमानी की मौत जहर खाने से नहीं हुई है। मां पुष्पा रावल का आरोप है कि हिमानी को गला घोंटकर मारने के बाद उसके मुंह में जहर डाला गया है।
उनका कहना है कि मौत से पूर्व उनकी बेटी से कुछ देर पहले फोन पर बात हुई थी। इसमें उसने मां मुझे बचा लो कहा था। इसके बाद फोन कट गया था।