हल्द्वानी। मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य के नाम से फर्जी आदेश जारी हुआ है। इसमें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल न होने वाले मेडिकल छात्र-छात्राओं पर जुर्माना लगाने की बात कही गई है। इससे काॅलेज में खलबली मची है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए काॅलेज प्रबंधन प्रकरण को पुलिस को भेजेगा।
मेडिकल काॅलेज में 8 से 15 अक्तूबर तक वार्षिकोत्सव कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी बीच काॅलेज प्रबंधन के पास एक ई-मेल पहुंचा, इसमें एक पत्र संलग्न था। पत्र में कहा गया कि वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित न होने वाले मेडिकल स्टूडेंट पर एक हजार का अर्थदंड लगाया जाएगा। इस पत्र में किसी के हस्ताक्षर नहीं थे और न ही आदेश पर पत्रांक संख्या दर्ज थी। बताया जाता है कि ई-मेल में कॉलेज प्रबंधन की अन्य सख्ती का भी जिक्र था।
इस मेल के जारी होने के बाद अस्पताल प्रबंधन में खलबली मची हुई। काॅलेज प्रबंधन अपने स्तर से मामले पता लगाने प्रयास कर रहा है। अब इसे पुलिस के पास भेजने की तैयारी की जा रही है।
मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉॅ. अरुण जोशी कहते हैं कि ई-मेल के माध्यम से फर्जी आदेश का पता चला है। यह संस्थान विरोधी कृत्य है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामला पुलिस के साइबर सेल को भेजा जाएगा। जिससे पता लगाया जा सके कि ई-मेल कहां से जारी हुआ है। माई सिटी रिपोर्टर