संयुक्त चिकित्सालय में दवाई के नाम पर नशीला पदार्थ खिलाकर फर्जी डाक्टर ने वृद्धा को बेहोश कर दिया। उसने साथ आई महिला को दवाई लेने भेज दिया और महिला के कुंडर, मोबाइल और पर्स लेकर फरार हो गया।
सोमवार को 10:30 बजे ग्राम जस्सागांजा निवासी चंद्रकला अपने पुत्र और समधन के साथ सरकारी अस्पताल में अपनी आंखें चेक कराने आई थी। महिला का पुत्र दिनेश कुवाला मां और सास को अस्पताल छोड़कर अपने परिचित से मिलने चला गया। तभी एक ठग चंद्रकला के पास आया और कारण पूछने पर तो उसने खुद को अस्पताल का डाक्टर बताकर आंखें चेक करने से पहले दवाई खाने की बात कही, उसके बाद आंखों की जांच की जाएगी।
तभी उसने चंद्रकला को एक पुड़िया में पाउडरनुमा नशीला पदार्थ खिला दिया और कान के कुंडल, गले से सोने की माला उतर अपने पर्स में रखने को कहा। महिला ने कुंडल तो उतार दिए और बोली माला अंदर ही उतारूंगी। ठग ने चंद्रकला के साथ आई समधन तुलसी को एक दवा की गोली दे कहा कि इसमें की दो गोली बाहर मेडिकल स्टोर से ले आओ। उसके जाते ही चंद्रकला अपना होश खो बैठी और ठग उसका पर्स ले चलता बना।
एक घंटे बाद महिला का बेटा अस्पताल पहुंचा। उसने अपनी मां का फोन मिलाया तो फोन स्विच ऑफ था। उसने ढूंढखोज की तो मां बैंच पर बेसुध पड़ी थी, सास भी परेशान थी। उसने तत्काल डाक्टर को दिखाया तो डाक्टरों ने नशीले पदार्थ के सेवन करने की बात कही। तब उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ। इससे अस्पताल में खलबली मच गई। ठग को ढूंढा गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुछ देर के लिए रुका सीसीटीवी
रामनगर। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में सुरक्षा की दृष्टि से 23 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ठग की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो कुछ देर के लिए कैमरे की रिकार्डिंग रुकी दिखाई दी। महिला की समधन को फुटेज दिखाई गई, लेकिन ठग का पता नहीं चला। डा. प्रशांत कौशिक ने बताया मंगलवार को महिला के स्वस्थ्य होने पर फुटेज दिखाई जाएगी।