नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्र संघ चुनाव का बिगुल बज चुका है। यह पहला मौका है जब चुनाव में विधि, शिक्षा और बायोमेडिकल साइंस में भी संकाय प्रतिनिधि चुने जाएंगे। पूर्व में मात्र कला, विज्ञान और वाणिज्य में संकाय प्रतिनिधि बनते थे।
डीएसबी परिसर में बीते वर्षों तक छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव, विवि प्रतिनिधि के अलावा कला, विज्ञान व वाणिज्य में संकाय प्रतिनिधि विद्यार्थी चुनते थे। दृश्यकला, तकनीकी, प्रबंध व कृषि में प्रत्याशी नहीं होने के चलते यह पद रिक्त रहते थे। चुनाव अधिकारी प्रो. अमित जोशी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार विधि, शिक्षा और बायोमेडिकल साइंस से भी संकाय प्रतिनिधि के पद के लिए चुनाव हो रहे हैं। कुल 10 संकाय प्रतिनिधि चुने जाएंगे। संवाद
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई: एसडीएम
एसडीएम नवाजिश खालिक ने कहा है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, नारेबाजी में अभद्र भाषा का इस्तेमाल और भीड़ इकट्ठा करने जैसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उम्मीदवारों से भी अपील की है कि वे लिंगदोह का पालन करें और अपने समर्थकों को भी शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।