नैनीताल। त्योहारी सीजन के दौरान छुट्टियों के चलते नैनीताल में एक बार फिर से सैलानियों का जमावड़ा लग गया है। सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन स्थलों पर दिन भर भीड़ लगी रही। वहीं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे भी खुशी से खिले हुए नजर आए।
बुधवार तक गोवर्धन पूजा व भैय्या दूज की छुट्टी है। ऐसे में सोमवार को नैनीताल शहर में पर्यटकों के सैकड़ों वाहनों ने प्रवेश किया। सुबह से ही पर्यटक अपने वाहनों व रोडवेज बस से नैनीताल पहुंचना शुरू हो गए थे जिसके चलते दोपहर 12 बजे ही तल्लीताल से मल्लीताल तक पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। डीएसए मैदान, मेट्रोपोल होटल कंपाउंड समेत सभी छोटे पार्किंग स्थल भी वाहनों से पैक नजर आए। इधर सड़कों पर दबाव बढ़ने के कारण कई बार वाहन रेंगते हुए चलते दिखाई दिए। लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते यातायात व्यवस्था बनी रही।
उधर पूरे दिन तल्लीताल, माल रोड, पंत पार्क, बैंड स्टैंड, चाट बाजार, हिमालय दर्शन, बारा पत्थर, सूखाताल, मल्लीताल बाजार, नैना देवी मंदिर, डीएसए मैदान में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। वहीं पर्यटकों ने नैनीझील में नौकायन का लुत्फ उठाया। संवाद