भीमताल/हल्द्वानी। निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। हल्द्वानी विकासखंड में छह टीमें बनाकर 18 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। कमियां पाए जाने पर 14 स्कूलों को नोटिस दिया गया है। इनमें एक स्कूल में महंगी किताबें बेची जा रहीं थीं। तीन स्कूल ऐसे पाये गए जहां निर्धारित दुकानों से किताबें खरीदवाई जा रही थीं।
बुधवार को सीईओ केएस रावत हल्द्वानी के गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में निरीक्षण करने पहुंचे। यहां एनसीईआरटी के अलावा महंगी पुस्तकें मंगाई गई थीं। सीईओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए विद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश बीईओ को दिए हैं। सीईओ ने कहा कि निजी विद्यालयों की ओर से विद्यार्थियों को महंगे दामों पर पुस्तकें बेचने और फीस वृद्धि करने पर 22 विद्यालयों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का उचित जवाब नहीं देने पर विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।
अभिभावकों ने उठाई मांग, जिले भर में अभियान चलाए शिक्षा विभाग
भीमताल। भीमताल, नैनीताल, भवाली, कालाढूंगी, रामनगर के निजी विद्यालयों मेें निरीक्षण नहीं किए जाने पर अभिभावकों ने सवाल खड़े किए हैं। अभिभावकों ने कहा कि विभाग को जिले के सभी निजी स्कूलों पर निरीक्षण कर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करनी चाहिए।
हल्द्वानी के 52 स्कूलों को नोटिस भेज चुका है शिक्षा विभाग
हल्द्वानी। हल्द्वानी ब्लॉक में बुधवार को छह टीमों ने कार्रवाई की। 18 स्कूलों का निरीक्षण किया। अनियतिताएं मिलने पर 14 को कारण बताओ नोटिस भेजा है। फिलहाल अभी इन स्कूलों के नाम उजागर नहीं किए हैं। अब तक 52 स्कूलों को नोटिस भेजा जा चुका है। आठ अप्रैल को 28 स्कूलों का निरीक्षण करने के बाद 21 स्कूलों को नोटिस भेजा गया। 10 अप्रैल को 17 को नोटिस भेजे गये। बीईओ हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार को छह टीमें बनाकर हल्द्वानी विकासखंड के मान्यता प्राप्त स्कूलों का निरीक्षण किया गया। 14 को नोटिस दिया गया है।