भवाली (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भवाली में सीवर लाइन बिछाने की घोषणा अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। पेयजल निगम की ओर से नगर की सीवर लाइन के लिए तैयारी की जा रही है लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। बुधवार को सीवर टैंक की सफाई करते समय दम घुटने से एक सफाई कर्मी की मौत होने और दूसरे सफाई कर्मी की हालत खराब होने के बाद से लोगों ने सीवर लाइन को लेकर कार्यवाही शुरू नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की है।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए वन विभाग और निगम की ओर से क्षेत्र के डाकारोली में भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है लेकिन इसके बाद भी काम की औपचारिक शुरुआत नहीं हो पाई है। पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि निगलाट के डाकारोली के समीप एसटीपी निर्माण के लिए वन विभाग को पूर्व में जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि जब नगर में कच्चे शौचालय हुआ करते थे तब वन विभाग ने उक्त भूमि पालिका को लीज पर दी थी। नगर पालिका क्षेत्र में श्यामखेत और कहलकुइरा को शामिल कर लिया गया है। पालिका की सीमा बढ़ाई गई लेकिन सीवर लाइन कहीं नहीं बिछाई गई। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर की आबादी तो लगभग 6300 के करीब है लेकिन इसके बाद भी कैंची धाम, भवाली उजाला, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल और एयर फोर्स की आबादी का दबाव भी भवाली नगर पालिका पर है। इससे सीवर की समस्या हल नहीं होने से लोगों को अपने घरों में बने सीवर टैंकों की सफाई कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। संवाद
कोट
भवाली में सीवर लाइन को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद ही सीवर बिछाने को लेकर कार्यवाही हो पाएगी। -पंकज आर्य, अध्यक्ष, नगर पालिका भवाली
भवाली में सीवर की समस्या को हल करने के लिए सीएम की ओर से पूर्व में घोषणा की गई है। सीएम को समस्या से अवगत कराकर जल्द सीवर लाइन बिछाने को लेकर कार्यवाही की मांग कराकर लाइन बिछाने का काम किया जाएगा।
- सरिता आर्या, विधायक, नैनीताल