कालाढूंगी। नगर के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बनाए जा रहे खेल मैदान का समतलीकरण कार्य चार माह से लटका हुआ है। समतलीकरण के लिए मिट्टी तो आ गई, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। खेल प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि चार महीने पूर्व ट्रैक्टरों के माध्यम से मैदान में मिट्टी डाली गई थी, लेकिन उसके बाद किसी भी प्रकार का रोलिंग या समतलीकरण का काम नहीं हुआ। अब बरसात के चलते वह मिट्टी बहती जा रही है, जिससे मैदान की स्थिति और भी खराब हो गई है। खेल प्रेमी युवाओं ने बताया कि यह मैदान क्षेत्र के युवाओं के अभ्यास और खेल प्रतियोगिताओं के लिए एकमात्र मैदान है, लेकिन विभागीय लापरवाही से यहां कोई गतिविधि नहीं हो पा रही।