लालकुआं (नैनीताल)। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशुतोष पंत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे स्टेशनों का विस्तारीकरण जरूरी है। इसके तहत रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हर हाल में हटाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए उत्तराखंड सरकार और प्रशासन रेलवे का सहयो करे।
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत बृहस्पतिवार को इज्जतनगर से रामनगर तक किए जा रहे विंडो ट्रेलिंग का निरीक्षण करने लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हर हाल में हटाया जाएगा। ट्रेनों के संचालन के लिए पिट लाइन निर्माण सबसे जरूरी कार्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का सहयोग मिला तो अगस्त के अंत तक लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि अतिक्रमण का मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। कोर्ट में रेलवे की ओर से मजबूती से पैरवी की जा रही है। न्यायालय के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाया जाएगा। बिंदुखत्ता घोड़ानाला क्षेत्र में अंडरपास निर्माण और गोला रोड रेलवे क्रासिंग में ओवरब्रिज के मामले में उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्याप्त सहयोग नहीं कर रहा है।
इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर आशीष सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर परिचालन महेश कुमार गुप्ता, मंडल इंजीनियर मुख्यालय मसूद अहमद, वरिष्ठ यातायात निरीक्षक मोहन राम, स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार आदि मौजूद रहे।
रामनगर रेलवे स्टेशन का होगा सौंदर्यीकरण
रामनगर (नैनीताल)।रामनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे डीआरएम आशुतोष पंत ने एक घंटे तक स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रामनगर रेलवे स्टेशन का जल्द पर्यटन के हिसाब से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
डीआरएम विशेष ट्रेन से रामनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन के बाहर लगे पुराने साइन बोर्ड को हटाकर नए बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जलपान गृह में पानी उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई। पार्किंग स्थल को सही करने की बात कही। प्लेटफार्म दो से एक पर आने जाने के लिए फ्लाईओवर की मांग पर उन्होंने जल्द पहल करवाने की बात की। डीआरएम ने कहा कि रामनगर रेलवे स्टेशन जल्द ही एक नए स्वरूप में नजर आएगा, क्योंकि पर्यटन को देखते हुए स्टेशन पर कार्य किए जाएंगे। इस दौरान सीनियर डीएसटीसी आशीष सिंह, एडीआरएम अजय वार्ष्णेय आदि अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लता देवी ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। बताया कि पीरूमदारा में बने अंडरपास के सब-वे की चौड़ाई कम है। उन्होंने इसकी चौड़ाई को बढ़ाने की मांग की है।