हल्द्वानी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को शनि बाजार नाला और इंद्रानगर नाले का निरीक्षण किया। दोनों नालों के आसपास कई जगह अतिक्रमण मिला। शीघ्र ही अतिक्रमण का सर्वे कर उसे हटाने की कार्रवाई कराने का निर्णय लिया गया ताकि ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर किया जा सके।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह और एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में नगर निगम, राजस्व विभाग और यूयूएसडीए की तकनीकी टीम बृहस्पतिवार दोपहर शनि बाजार और इंद्रानगर नाला क्षेत्र में पहुंची। आसपास अतिक्रमण के चलते नालों से पानी की निकासी नहीं हो रही थी। टीम ने नाले के प्रवाह और संरचना को देखा। एसडीएम शाह ने बताया कि पिछले दिनों जिलाधिकारी ने पार्षदों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में पार्षदों ने नालों से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।
एसडीएम ने बताया कि नगर निगम एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की ओर से शीघ्र ही अतिक्रमण का सर्वे कराया जाएगा। नालों को अवरुद्ध करने वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी किए जाएंगे एवं नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। ताकि नालों के ड्रेनेज सिस्टम को ठीक किया जा सके।