हल्द्वानी। उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लॉइज एसोसिएशन और अखिल भारतीय समानता मंच ने प्रमोशन में आरक्षण खत्म करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का विरोध करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की और पुतला फूंका। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को न्यायोचित बताते हुए कहा कि फैसले से सामान्य वर्ग के कर्मचारियों के हित सुरक्षित रहेंगे।
बुद्ध पार्क में हुई धरना, प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण की वजह से सामान्य वर्ग के कर्मचारियों का वर्षों से प्रमोशन नहीं हुआ है। पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर कर्मचारी संगठनों ने हाईकोर्ट, सुप्रीमकोर्ट में याचिका दाखिल की। इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने आदेश में कहा था कि सरकारी सेवाओं में प्रमोशन आरक्षण ठीक नहीं है। मगर सरकारों ने संविधान बदलकर इन फैसलों को निष्क्रिय कर दिया। इस बीच सुप्रीम कोर्ट में अखिल भारतीय समानता मंच और उत्तराखंड जनरल इंप्लाइज एसोसिएशन ने इस कानून को चुनौती दी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने इसे न्यायसंगत नहीं मानते हुए सामान्य मेरिट पर प्रमोशन देने के आदेश दिए।
आरोप लगाया कि सरकार ने नियुक्ति का पहला पद सामान्य वर्ग को देने का निर्णय लिया तो बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य इसका विरोध करती रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि इस मांग को लेकर 14 फरवरी को सभी अधिकारी, कर्मचारी दफ्तरों से कार्य बहिष्कार कर बुद्ध पार्क में धरना प्रदर्शन करेंगे।
ये रहे मौजूद
धरना, प्रदर्शन और पुतला फूंकने वालों में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मनोज तिवारी, वाईएस रावत, सचिन, रमेश जोशी, अखिल भारतीय समानता मंच अध्यक्ष जेएस बिष्ट, पीसी जोशी, एमसी तिवारी, नीरज तिवारी, विनोद सनवाल, बीके जोशी, एनसी तिवारी, त्रिलोक उपाध्याय, सुरेश पांडे, मनोज महतोलिया,केके पांडे, संजय सनवाल, नरेश पाठक, ललित जोशी, नवीन चंद्र पांडे, प्रशांत कुमार गुप्ता, सुभाष जोशी, नवीन जोशी, वीसी जोशी, प्रशांत पंत, प्रेम बल्लभ पांडे, शीतल साह, गोविंद पांडे, रविंदर पवार आदि मौजूद रहे।