हल्द्वानी। ट्रंचिंग ग्राउंड में बेतरतीब कूड़ा डालने और सड़क में कूड़ा बिखरने पर उप नगर आयुक्त ने ट्रंचिंग ग्राउंड में तैनात कर्मचारी के निलंबन की संस्तुति की है। उधर कूड़ा सड़क से हटाने और उसे फैलाने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पोकलैंड और जेसीबी मशीन लगाने के निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला में ट्रंचिंग ग्राउंड में मेडिकल वेस्ट डालने की बार-बार खबर प्रकाशित होने के बाद नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने उपनगर आयुक्त को निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। बुधवार को उपनगर आयुक्त नीरज जोशी ने स्वास्थ्य निरीक्षक अमोल सिंह के साथ ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपनगर आयुक्त को ट्रंचिंग ग्राउंड में घोर लापरवाही मिली। जहां एक ओर सड़क में कूड़ा बिखरा हुआ था। वहीं ट्रंचिंग ग्राउंड को जाने वाले रास्ते में दोनों ओर कूड़े के ढेर लगे हुए थे। मौके पर ट्रंचिंग ग्राउंड में तैनात कर्मचारी यूएल मौके से नदारद मिला।
इस पर उपनगर आयुक्त नीरज जोशी ने कर्मचारी पर लापरवाही बरतने और मौके से नदारद पाए जाने पर निलंबन की संस्तुति की है। साथ ही कूड़े को व्यवस्थित करने के लिए एक पोकलैंड और एक जेसीबी और लगाए जाने की संस्तुति दी है।
पर कर्मचारी की निलंबन की संस्तुति
नगर आयुक्त के आदेश के बाद उपनगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण