बिंदुखत्ता (नैनीताल)। आसपास के गांवों में इन दिनों फसल तैयार होते ही हाथियों ने डेरा डाल लिया है। हाथियों के झुंड ने शनिवार रात सुभाषनगर, 17 एकड़ क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने ग्रामीणों की कई बीघा धान की फसल को रौंद कर नष्ट कर दिया। हाथियों के झुंड ने सीमैप दवाई फार्म से सटे बिंदुखत्ता सुभाषनगर, 17 एकड़ गांव के 12 से अधिक परिवारों को नुकसान पहुंचाया।
प्रभावित किसानों में हर्ष बिष्ट, नंदन सिंह मेहरा, देवी दत्त जोशी, लोकपाल सिंह, कुंदन नेगी, भगवत भैसोड़ा, हर सिंह मेहरा शामिल हैं। ग्रामीणों ने पटाखे फोड़े। मशाल जलाए और शोर मचाकर हाथियों को खेतों से भगाया। तराई पूर्वी वन प्रभाग के एसडीओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया का कहना है कि जिस समय हाथी गांव में प्रवेश करते हैं ग्रामीण वन विभाग को सूचना दें, ताकि वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर हाथियों को गांव से भगाने में मददगार बन सकें। ब्यूरो