रामनगर के पटरानी में हाथी के हमले में मारे गया बुजुर्ग नैनराम का फाइल फोटो।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। दो दिन से लापता चल रहे बुजुर्ग की हाथी के हमले में मौत हो गई। बुजुर्ग का शव उनके घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर जंगल में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे रेंजर का ग्रामीणों ने घेराव किया। वन विभाग का कहना है कि बुजुर्ग के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पटरानी में प्लॉट नंबर 16 में मंगलवार को एक बुजुर्ग का शव मिला, जिसे हाथी ने कुचला हुआ था। बुजुर्ग की पहचान नैनराम (70) पुत्र वीरराम निवासी पटरानी के रूप में हुई। बचुली देवी ने बताया कि पति 18 अक्तूबर से लापता चल रहे थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था। मंगलवार को जंगल में तलाश करने पर उनका शव पड़ा मिला। बुजुर्ग के तीनों बेटों की शादी हो चुकी है। सूचना पर आमपोखरा रेंज के रेंजर विपिन डिमरी और वनकर्मी पहुंचे तो ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग उठाई। वहीं, मालधन चौकी इंचार्ज जगवीर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
सीने पर हाथी के पैर के निशान
रेंजर विपिन डिमरी ने बताया कि प्रथमदृष्टया हाथी के हमले में मौत होने की आशंका है। शव देखकर लग रहा है कि बुजुर्ग को हाथी ने पटक कर मार दिया होगा। वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाएगी।
बुजुर्ग दो दिन से लापता था और मंगलवार को उसका शव मिला है। प्रथमदृष्टया हाथी ने बुजुर्ग को मारा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा। विभाग मामले में जांच कर रहा है।
हिमांशु बागरी, डीएफओ तराई पश्चिमी वन प्रभाग