विकासखंड रामनगर के न्याय पंचायत जोगीपुरा के चंद्रावती इंटर कालेज शिवपुर बैलजुड़ी में शुक्रवार को बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। इसमें आपदा प्रबंधन अध्यक्ष प्रयागदत्त भट्ट ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करने के निर्देश शिविर में मौजूद अधिकारियों को दिए। शिविर की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख संजय नेगी ने की।
आपदा प्रबंधन अध्यक्ष प्रयागदत्त भट्ट ने कहा कि सभी अधिकारी शिविर में प्राप्त समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। भट्ट ने शिवेंद्र सिंह रावत की शिकायत पर मनसा देवी नहर की सफाई का कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होनें चंद्रावती इंटर कालेज में एक इंडिया मार्क हैंडपंप और पेयजल स्टैंड पोस्ट की स्वीकृति भी प्रदान की। गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर उन्होंने ग्राम मढईया में स्थापित नलकूप से पेयजल की पाइप लाइनें बिछाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भिजवाने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि बीती बरसात में घरों में पानी भर जाने से हुए नुकसान का अभी तक कुछ प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिला है। इस पर भट्ट ने तहसीलदार सुरेंद्र सिंह तोमर को तत्काल मुआवजा राशि दिए जाने के निर्देश दिए।
पीरूमदारा में लोनिवि के एनएच खंड द्वारा जो 63 भवन तोडे़ गए हैं, उस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एनएच के अधिकारियों को रिपोर्ट देने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को पुनर्वासित करने के लिए सरकार से वार्ता की जाएगी। उन्होंने धर्मपुरा टांडा तथा कसिया पुल बरसाती नाले की रिपेयर किए जाने और मठैया की पुरानी पेयजल लाइनों के कारण गंदे पानी की आपूर्ति की बात पर जल संस्थान को निर्देश दिए कि संबंधित प्रस्ताव जल्द शासन को भिजवाएं।
इसके अलावा 2014 के छूटे हुए बाढ़ आपदा प्रभावितों को राहत राशि उपलब्ध कराने, बद्री विहार तथा दुल्हेपुरी ग्राम में पेयजल नलकूप स्थापित किए जाने, शिवपुर टांडा में एक किमी सड़क निर्माण, ग्राम शिवपुर टांडा से सीतापुर टांडा तथा पापड़ी में मझाड़ी नाला में सुरक्षा दीवार बनाए जाने समेत बीपीएल राशन कार्ड धारकों को समय पर खाद्यान्न दिए जाने का मुद्दा भी उठा।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नंदा बल्लभ बेलवाल, राम प्रकाश मुरली, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष शेखर चंद्र, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीवान कटारिया, ग्राम प्रधान मंजू चौहान, महावीर रावत, दीप चंद, चंद्रपाल, दीपक पाल, विनोद वर्मा, पूरन शर्मा, ग्राम प्रधान पान सिंह फर्त्याल, जसवंत सिंह, कमलेश, ललित पंत, चरण भट्ट, जर्नादन जोशी, गोपाल दत्त जोशी के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।