बिजली कर्मी नारायण बेलवाल (फाईल फोटो)
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। नगर के मल्लीताल क्षेत्र में बिजली के पोल पर काम करते हुए बिजली कर्मी अचानक गिर गया। बीडी पांडे अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एसडीओ का कहना है कि संविदा कर्मी ने शट्डाउन नहीं लिया था। मामले की जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार चार्टन लॉज निवासी नारायण बेलवाल ऊर्जा निगम में अस्थायी कर्मचारी थे। बुधवार देर शाम नारायण मल्लीताल चाट पार्क के पास बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें बिजली का झटका लगा और वह 20 फीट ऊंचे पोल से गिर गए। उनका सिर जमीन से टकराया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थानीय निवासी चंदन जोशी और पुलिसकर्मी पूरन मेहरा नारायण को लेकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता आरएस बिष्ट अन्य कर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे।
ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि बिजली लाइन को ठीक करते समय किसी ने भी शट्डाउन नहीं लिया है। कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। कहका कि हो सकता है कि किसी की शिकायत पर संविदा कर्मी नारायण लाइन को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा हो। मामले की जांच की जाएगी।