नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव में मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आयोजकों की ओर से मां नयना देवी मंदिर परिसर में बुजुर्गों के लिए अलग से लाइन लगेगी।
श्री राम सेवक सभा की ओर से इस वर्ष 121वां श्री नंदा देवी महोत्सव मनाया जाएगा। मां नंदा-सुनंदा के प्रति आस्था के चलते नंदा अष्टमी व नवमी को मां के दर्शन को लाखाें श्रद्धालु दर्शन को पहुंचते हैं। भीड़ के चलते सभी दर्शनार्थियों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। आयोजकों ने इस वर्ष से बुजुर्गों के लिए अलग लाइन लगाने पर विचार किया। सभी की सहमति के बाद इस व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस बार आयोजक श्री नंदा देवी महोत्सव को यूनेस्को की विश्व विरासत की श्रेणी में शामिल करने के लिए जुटे हुए हैं। इसके लिए दस्तावेज भी तैयार किए जा रहे हैं।
नंदा देवी महोत्सव में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से लाइन लगाने का निर्णय लिया गया है। महोत्सव को यूनेस्को की विश्व विरासत की श्रेणी में शामिल करने के लिए कवायद की जा रही है।
- जगदीश बवाड़ी, महासचिव, श्री राम सेवक सभा नैनीताल
भवाली में 20 सितंबर से 27 तक होगा नंदा देवी महोत्सव
भवाली (नैनीताल)। नंदा देवी कोर कमेटी भवाली ने नंदा देवी महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। 20 सितंबर की सुबह देवी मंदिर में विधिवत पूजन के बाद भक्त मूर्ति निर्माण के लिए कदली वृक्ष लाने डोब-ल्वेशाल के सुजान सिंह रजवार के आवास पर जाएंगे। 27 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा के डोले का दोपहर एक बजे से नगर भ्रमण और शाम को शिप्रा नदी में विसर्जन किया जाएगा। कोर कमेटी के आयुष कुमार ने बताया कि समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रम नगर पालिका मैदान में स्थित रामलीला मंच और मूर्ति निमार्ण, पूजन का कार्य देवी मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।