यदि सब कुछ ठीक रहा तो निकट भविष्य में रानीबाग तिराहे की यातायात व्यवस्था चाकचौबंद नजर आएगी। यहां लोगों को जाम के झंझट से मुक्ति मिल पाएगी। जिला प्रशासन ने रानीबाग में अंडरपास बनाने की कवायद शुरू कर दी है। लोनिवि के एनएच खंड ने अंडरपास बनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। जिले के मैदानी क्षेत्रों से नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले सभी वाहन रानीबाग तिराहे से होकर गुजरते हैं। समय के साथ यहां सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है।
इस कारण नैनीताल-भीमताल से आने-जाने वाले वाहनों के कारण रानीबाग और गुलाबघाटी में अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इसके चलते कुमाऊं भर के यात्रियों और सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आए दिन लगने वाले जाम से कुमाऊं मंडल के व्यापारियों को भी दिक्कतें होती हैं। वहीं नैनीताल व भीमताल समेत आसपास का पर्यटन भी इससे प्रभावित होता है। लंबे समय से व्यापारी और स्थानीय लोग रानीबाग, गुलाबघाटी और भीमताल डायवर्जन प्वाइंट पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए कुछ समय पहले संबंधित अधिकारियों के साथ भीमताल डायवर्जन रानीबाग में अंडरपास बनाने और गुलाबघाटी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर मंथन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।जिला प्रशासन के निर्देश पर काम करते हुए एनएच खंड ने रानीबाग में अंडरपास निर्माण और गुलाबघाटी में सड़क चौड़ीकरण की डीपीआर व डिजाइन बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी वंदना सिंह के मुताबिक टेंडर 24 दिसंबर को खोले जाएंगे। उसके बाद इस दिशा में अग्रिम कार्रवाई होगी।