हल्द्वानी। कुमाऊं में करीब एक दशक बाद बेसबाल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को तराशने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला बेसबाल एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को एबीएम पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय बेसबाल प्रशिक्षण शिविर शुरू किया। पहले दिन आठ स्कूलों के 100 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें भारतीय बेसबाल टीम के पूर्व कप्तान सुखविंदर सिंह रंधावा ने बच्चों को खेल की बारीकियां सिखाई।
एसोसिएशन के सचिव हरीश सिंह नेगी ने बताया कि खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे। चयनित बच्चों को अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जनवरी में अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग की जिला लीग आयोजित करने की योजना है। बेसबाल को ओलंपिक और खेल महाकुंभ में शामिल होने से खेल को लेकर संभावनाएं बढ़ी हैं। अगले साल होने वाले खेल महाकुंभ के लिए जिले की टीम तैयार की जाएगी।
दस साल पहले अल्मोड़ा में हुई थी शुरुआत
उत्तराखंड बेसबाल एसोसिएशन के सचिव प्रीतम सिंह तोमर ने बताया कि करीब दस साल पहले अल्मोड़ा में बेसबाल की शुरुआत की गई थी लेकिन जिला एसोसिएशन के सक्रिय नहीं रहने से इस खेल को आगे बढ़ाने के प्रयास प्रभावित हुए। खिलाड़ी बेसबाल खेलने और इसमें शामिल होने के लिए संपर्क करते रहे। कुमाऊं में खेल को दोबारा सक्रिय करने के लिए नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिला बेसबाल एसोसिएशन को शुरू किया गया है।