राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले व्यायाम शिक्षकों ने गुरुवार को एडी माध्यमिक दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने शुक्रवार को एडी दफ्तर में तालाबंदी और सोमवार से आमरण अनशन की धमकी दी है। आंदोलित व्यायाम शिक्षकों का आरोप है कि एडी माध्यमिक हाईकोर्ट में मामला होने का हवाला देकर व्यायाम शिक्षकों को गुमराह कर रही हैं। कमिश्नर के आदेश के बावजूद एडी माध्यमिक कोई निर्णय नहीं ले रही हैं। उनकी हड़ताल के चलते वह अवकाश पर चली गई हैं।
जब उन्हें पदोन्नति नहीं देनी थी तो उनकी काउंसलिग क्यों कराई गई। धरना-प्रदर्शन में मंडलीय अध्यक्ष दिगंबर दत्त फुलोरिया, मंडलीय सचिव शीला, भवान सिंह बंगारी, गोपाल सिंह भोज, नेत्र सिंह परिहार, त्रिलोचन खोलिया, एसके रावत आदि थे। इधर, एडी माध्यमिक सुषमा सिंह का कहना है कि हड़ताली व्यायाम शिक्षक और एक अन्य शिक्षक संगठन ने कोर्ट में रिट दायर की है। काउंसलिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोर्ट ने शिक्षक संगठन की रिट पर उनसे चार सप्ताह में प्रति शपथ पत्र देने और काउंसलिंग जारी रखने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में काउंसलिग कराई गई। कोर्ट के निर्णय के बाद ही व्यायाम शिक्षकों की पदोन्नति के मामले में निर्णय लिया जाएगा।