भीमताल (नैनीताल)। भीमताल से परिवार के साथ छुट्टी मनाकर लौट रहे सैलानी के साथ रविवार को एक टूर ट्रैवल एजेंसी ने दिल्ली जाने से 20 मिनट पहले चालक नहीं होने की बात कहकर बुकिंग कैंसिल कर दी। इसका पता भी सैलानी को तब चला जब उन्होंने टूर ट्रैवल कंपनी को फोन कर टैक्सी कहां पहुंची की जानकारी ली तो कंपनी की ओर से चालक नहीं होने की बात कहकर माफी मांगते हुए बुकिंग कैंसिल होने का हवाला दे दिया गया। बुकिंग कैंसिल होने का पता चलते ही सैलानी बेहद परेशान रहे।
दिल्ली विनोद नगर पश्चिम निवासी दीप जोशी ने कहा कि उन्होंने एक टूर ट्रैवल एजेंसी से एक टैसी 3800 रुपये में बुक कराई थी जिसका एडवांस भुगतान भी उनसे लिया गया। कहा कि रविवार सुबह 8 बजे जब परिवार के साथ तैयार हो गए और ट्रैवल कंपनी से टैक्सी की लोकेशन पूछी तो उन्होंने चालक नहीं होने की बात कहकर माफी मांगते हुए बुकिंग कैंसिल होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जब नोएडा में ट्रैवल कंपनी के सुपरवाइजर से पूछा तो उन्होंने भी माफी मांगते हुए पल्ला झाड़ लिया। जोशी ने कहा कि टैक्सी के नहीं आने से उन्हें गर्मी में रविवार रात हल्द्वानी से रोडवेज बस में सवार होकर दिल्ली लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि टूर ट्रैवल कंपनी की ओर से ऐसा गलत व्यवहार यात्रियों के साथ नहीं किया जाना चाहिए। संवाद