नैनीताल। दीपावली पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शनिवार को अग्नि नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान शहर में स्थापित फायर हाइड्रेंट की जांच की गई, जिसमें से 50 फीसदी निष्क्रिय पाए गए। कहीं हाइड्रेंट की चूड़ियां खराब मिलीं तो कहीं प्रेशर कम था, जबकि कई जगह लाइन में पानी नहीं मिला। फायर अधिकारियों ने बताया कि जल संस्थान की ओर से हाइड्रेट कनेक्शन पेयजल लाइनों से जोड़े गए हैं। शहर में पानी की आपूर्ति सुबह और शाम कुछ ही घंटे की जाती है। ऐसे में अग्निकांड या आपातकालीन स्थिति आने पर पानी की सप्लाई फोन करके चालू करानी पड़ती है, जिसमें काफी समय लग जाता है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जल संस्थान अधिकारियों को तत्काल हाइड्रेंट और लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निकांड से निपटने के लिए दीपावली तक सभी लाइनों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति बहाल करने को कहा। साथ ही कहा कि जिन हाइड्रेंटों को पेयजल लाइनों से जोड़ा गया है, उनके लिए अलग से लाइन बिछाने के लिए सर्वे कर प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।