हल्द्वानी मुखानी पुलिस की गिरफ्त में सिपाही को चाकू मारकर घायल करने का आरोपी। फोटोः मेल से
हल्द्वानी। शराब के नशे में धुत एक युवक को समझाना पुलिस के कांस्टेबल को महंगा पड़ गया। वह युवक को समझाने पहुंचा तो उसे ही चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे लामाचौड़ निवासी उमेश बोरा शराब के नशे में धुत होकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। उमेश के घर में शोर-शराबा सुनकर क्षेत्र में ही रहने वाले किसी व्यक्ति ने पुलिस को डायल 112 पर मामले की सूचना दी। सूचना पर मुखानी थाने के कांस्टेबल विजय मेहता उमेश के घर पहुंचे और बीचबचाव कर उसे समझाने का प्रयास किया।
सिपाही को घर पर देख उमेश अपनी पत्नी पर पुलिस बुलाने का आरोप लगाकर और अधिक उग्र हुआ और विजय से ही गालीगलौच करने लगा। विजय ने जब इसका विरोध किया तो उमेश ने घर पर रखे चाकू से विजय पर हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगने से विजय जख्मी हो गया। इसी दौरान विजय ने थाने में घटना की सूचना दी। थाने से पहुंची फोर्स ने उमेश को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि चाकू लगने से विजय के हाथ की नश कटी है जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया है।