हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा के दौरान भाजपा अनुसूचित जाति जन प्रतिनिधि सम्मेलन पर छात्रों ने सवाल उठाए हैं। छात्रों का एक गुट इसका विरोध करते हुए प्राचार्य कक्ष तक पहुंच गए। उन्होंने कहा कि कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा चल रही है, धारा 144 लागू है लेकिन सम्मलेन के नाम पर शोर शराबा किया जा रहा है। छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी हुई।
छात्र नेता रक्षित ने कहा कि सम्मेलन में लगातार कोई न कोई नेता आ रहा है। परिसर में राजनीतिक कार्यक्रम हो रहा है। छात्र-छात्राएं परीक्षाएं दे रहे हैं। दूसरी ओर ढोल नगाड़े बजाए जा रहे हैं, जिससे परीक्षा में बाधा उत्पन्न हो रही है। छात्रों का यह भी आरोप था कि 28 नवंबर को हल्द्वानी में डीजीपी के विदाई समारोह के लिए कॉलेज से अनुमति मांगी गई थी, तब कॉलेज प्रशासन ने धारा 144 लगने की बात कही थी। इधर, छात्रों के विरोध के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दे दी।
कांग्रेस ने भी उठाए सवाल, कहा-कैसे दे दी अनुमति
हल्द्वानी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने भाजपा पर एमबीपीजी कॉलेज को राजनीतिक अखाड़े के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में परीक्षाएं चल रही हैं। वहां धारा 144 लागू है। इसके बाद भी वहां भाजपा के एक अनुषांगिक संगठन को राजनीतिक कार्यक्रम करने की अनुमति दे दी गई। राहुल छिमवाल ने कहा कि परीक्षा देने के लिए शांति का माहौल होना चाहिए। कॉलेज में शोर-शराबा हुआ, ढोल बजे ऐसे में छात्र-छात्राओं ने कैसे परीक्षा दी होगी। इससे पता चलता है कि भाजपा छात्र-छात्राओं के भविष्य के प्रति कितनी गम्भीर है। वह खुद इस महाविद्यालय के विभिन्न पदों में रहे हैं, ऐसा माहौल कभी नही देखा। महाविद्यालय व शिक्षकों की गरिमा का हमेशा ध्यान रखा जाता था। माई सिटी रिपोर्टर
भाजपा का पक्ष..कॉलेज प्रशासन से अनुमति ली थी
हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट का कहना है कि सम्मेलन को लेकर कालेज प्रशासन से अनुमति प्राप्त की गई थी। सम्मेलन में ढोल को लेकर आने कोई निर्देश नहीं था और न ही यह हमारी व्यवस्था में शामिल था। यह कौन लेकर आया, इसकी जानकारी नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट का कहना है कि परीक्षा का पता किया गया था, उसके खत्म होने के बाद ही करीब कार्यक्रम शुरू हुआ था। ढोल को लाने के नहीं कहा गया था। कॉलेज प्रशासन से अनुमति लेकर कार्यक्रम किया गया है। माई सिटी रिपोर्टर
प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि एक हाॅल में सम्मेलन की अनुमति दी गई है। ढोल नगाड़े बजने की मनाही की गई है। धारा 144 का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है। आयोजकों को परीक्षा के बारे में बताया गया था। आयोजकों की ओर से शांतिपूर्वक कार्यक्रम करने की बात कही गई थी। ऐसे आयोजन कॉलेज में होते रहते हैं। परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराना कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है।