भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर छड़ा के पास डंपर अनियंत्रित होकर कोसी में गिर गया। हादसे में डंपर सवार चार लोग घायल हो गए। सीएचसी खैरना में प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया, जबकि शेष तीन लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हल्द्वानी से बागेश्वर की ओर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा डंपर (यूके04सीए-8524) सोमवार की रात साढ़े आठ बजे छड़ा के पास डेढ़ सौ मीटर नीचे कोसी में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक रघुवीर सिंह (24) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्वाला बागेश्वर, जगदीश बिष्ट (28) पुत्र बहादुर सिंह निवासी सोमेश्वर अल्मोड़ा, राजेंद्र सिंह (31) पुत्र पूरन सिंह निवासी ताकुला अल्मोड़ा और मनोज कुमार (19) पुत्र मोहन राम निवासी क्वारब नैनीताल घायल हो गए।
सूचना पर चौकी प्रभारी देवनाथ गोस्वामी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को कोसी नदी से निकाला और 108 से सीएचसी खैरना भेजा। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र सिंह को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।