सोलिंग (सड़क निर्माण) के लिए रोड़ी लेकर जा रहा एक डंपर बेतालघाट-घंघरेटी रोड पर असंतुलित होकर गधेरे में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर चालक ने अस्पताल ले जाते वक्त एंबुलेंस 108 में दम तोड़ दिया।
पिछले कुछ दिनों से बेतालघाट-घंघरेटी रोड पर सोलिंग का काम चल रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे डंपर (यूके 04 सीए-5944) ब्लाक मुख्यालय की ओर से घंघरेटी को जा रहा था। ब्लाक दफ्तर के पास पहुंचते ही ट्रक असंतुलित हो गया और गधेरे में जा गिरा। हादसे की जानकारी पास ही मौजूद ठेकेदार प्रताप सिंह ने 108 और पुलिस को दी।
इस पर उपनिरीक्षक आरपी कोहली समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोग ट्रक में सवार लोगों को बचाने के लिए गधेरे में उतरे, लेकिन तब तक ट्रक में सवार दीवान सिंह (57) पुत्र धाम सिंह निवासी बेतालघाट की मौत हो चुकी थी, जबकि चालक प्रेम सिंह (47) पुत्र उमेश सिंह निवासी ग्राम फल्सों भतरौजखान (अल्मोड़ा) गंभीर रूप से घायल स्थिति में ट्रक के केबिन में फंसे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर प्रेम सिंह को किसी तरह बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। एंबुलेंस 108 में अस्पताल ले जाते वक्त प्रेम सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में मारे गए बेतालघाट निवासी दीवान सिंह क्षेत्र में ठेकेदारी करते थे, उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस पंचनामे की कार्रवाई कर रही थी। पुलिस ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बाल-बाल बचा डंपर स्वामी प्रताप
गधेरे में गिरे डंपर में डंपर स्वामी और ठेकेदार प्रताप सिंह भी सवार थे। बताया जाता है कि वह दुर्घटनास्थल से महज 10-15 मीटर पहले ब्लाक कार्यालय के पास किसी काम से डंपर से उतर गए थे। प्रताप सिंह के डंपर से उतरने के बाद चालक ने डंपर आगे बढ़ाया ही था कि वह असंतुलित होकर गधेरे में जा गिरा। ट्रक स्वामी के सामने ही यह हादसा हुआ और उन्होंने ही हादसे की सूचना पुलिस और 108 को दी। हादसे के बाद से प्रताप सिंह भी सदमे की स्थिति में हैं।