हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर परिसर में मंगलवार सुबह सवा 11 बजे मालवाहक गाड़ी के चालक राजेंद्र सिंह (43 वर्ष) को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद उक्त चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने राजेंद्र को एसटीएच पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बागेश्वर के कपकोट निवासी राजेंद्र ने मोटाहल्दू में मकान बनाया था। बागेश्वर से माल लाने के बाद उन्होंने अपना वाहन टीपीनगर में खड़ा किया था। मंगलवार सुबह सवा 11 बजे वह धर्मकांटे के पास टहल रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस को सूचना देकर लोगों ने घायल को एसटीएच पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र के घर में पत्नी और दो बच्चे हैं। हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी देखा जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। माई सिटी रिपोर्टर