नैनीताल। समीपवर्ती आलूखेत गांव में बीते एक सप्ताह से पानी नहीं आने से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान के अधिकारियों पर उनकी समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। वहीं मामला कुमाऊं आयुक्त और जिला प्रशासन के अधिकारियों के पास तक पहुंचा तो जल संस्थान के अधिकारी पाइप लाइन की मरम्मत में जुट गए हैं।
आलूखेत निवासी विक्की कुमार का कहना है कि बीते एक सप्ताह से उनके गांव में पानी नहीं आ रहा है। जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने पेयजल लाइन जल निगम के पास होने की बात कही। वहीं जल निगम के अधिकारी पाइप लाइन की देखरेख जल संस्थान के हाथ में होने की बात कह रहे हैं।
ग्रामीणों ने धरना देने की चेतावनी देकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसकी शिकायत कुमाऊं आयुक्त व अन्य अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने कार्मिकों को मौके पर भेजकर पानी लाइन ठीक करनी शुरू कर दी है।
जल संस्थान के जेई रवि पाठक ने बताया कि लाइन की मरम्मत की जा रही है। गांव के टैंक में हल्का पानी चलने लगा है। जल्द ही लाइन की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। संवाद