हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने नाथूपुर पाडली में एक घर में गड्ढा खोदकर रखी गई पांच लीटर कच्ची शराब और 79 हजार 300 रुपये बरामद किए हैं। शराब तस्करी के मामले में महिला को गिरफ्तार किया गया है। वह पहले भी जेल जा चुकी है।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक मंजु ज्याला, सिपाही सुमन, पूनम और जगदीश राठौर की टीम ने आम्रपाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हाईवे किनारे नाथूपुर पाडली निवासी शशि किरन को शराब बेचते हुए पकड़ लिया। उसके घर में छापा मारा तो कमरे के अंदर उसने गड्ढे में शराब मिली। पुलिस ने इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि महिला के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। (माई सिटी रिपोर्टर)
10 रुपये का सट्टा लगाओ 800 पाओ
हल्द्वानी। गौला पार्किंग में बृहस्पतिवार को एक सट्टेबाज को 10 लगाओ 800 पाओ की आवाज लगाना महंगा पड़ गया। सादी वर्दी में पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से 17 हजार 200 रुपये बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष यूनुस खान ने बताया कि गौला पार्किंग में सट्टेबाजी सूचना मिली थी। पकड़ा गया सट्टेबाज जुबैर इंदिरानगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ 13 जी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पता चला कि वह दस रुपये लेकर सट्टा खेल रहा था। इसके बदले 800 देने का भरोसा दे रहा था। (माई सिटी रिपोर्टर)