हल्द्वानी। मीडिया अध्ययन एवं अनुसंधान संगठन (मास) की बुधवार को आयोजित बैठक में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश चंद्र रयाल को संगठन का अध्यक्ष चुना गया है। डॉ. विपिन चंद्रा को उपाध्यक्ष और सुमित जोशी को महासचिव बनाया गया। आगामी बैठक में कार्यकारिणी विस्तार करने का फैसला लिया गया।
संस्था के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए गुणवत्तापरक मीडिया शिक्षा, शोध के साथ ही समाज को जागरूक करने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष डॉ. राकेश रयाल ने कहा कि मीडिया अकादमिकों और शोधार्थियों के संगठन की जरूरत है। मीडिया के प्रभाव को बेहतर बनाकर सरकार की सहायता से स्वरोजगार से लेकर रोजगार का सृजन किया जाए। इससे पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन के शोधार्थियों और विशेषज्ञों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही इस क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बढ़ावा मिलेगा। उपाध्यक्ष डॉ. विपिन चंद्रा ने कहा कि इस संगठन के माध्यम से सरकारी संस्थानों में पत्रकारिता एवं मीडिया जनसंचार के विशेषज्ञों के लिए जनसंपर्क अधिकारी के पदों को लेकर सुझाव दिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. संजय पांडे, डॉ. चेतन भट्ट, दीपिका नेगी, हर्षवर्धन पांडे, सुनील भारती आदि मौजूद रहे।