हल्द्वानी। सीएमओ ने नगर निगम में लंबे समय से वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात डॉ. मनोज कांडपाल को उनके मूल पद पर वापस भेज दिया है। उनके स्थान पर फुटकुआं पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेश कांडपाल को नगर स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया है। डॉ. जितेश ने शुक्रवार को नगर निगम में कार्यभार संभाल लिया है।
डॉ. कांडपाल ने बृहस्पतिवार को सीएमओ को पत्र भेजकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद से कार्यमुक्त कराने की मांग की थी। उन पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी के अलावा मलेरिया-डेंगू अधिकारी व जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की भी जिम्मेदारी थी। उन्होंने कार्यमुक्त करने के पीछे तनाव और काम का अतिरिक्त बोझ होने की बात कही थी। इस पर शुक्रवार को सीएमओ ने उन्हें नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद से कार्यमुक्त कर वापस जिला सर्विलांस अधिकारी के पद पर भेज दिया। डॉ. कांडपाल ने शुक्रवार को नई जिम्मेदारी फिर से संभाल ली। वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारी बनाए गए डॉ. जितेश पीएचसी फुटकुआं पीएचसी प्रभारी बने रहेंगे। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों का मार्गदर्शन व सभी को साथ लेकर वह नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यों का निर्वहन करेंगे।