नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में एसोसिएशन प्रोफेसर के पद पर डॉ. बामा प्रसाद दत्त नियुक्त हुए हैं। विवि के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि विवि के 50 साल से अधिक के गौरवशाली इतिहास में पहली बार एक ऐसा शिक्षक मिला है, जिसने पीएचडी विदेशी धरती से की है। डॉ. दत्त ने सिंगापुर की विश्व प्रसिद्ध नान्यांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से अपनी पीएचडी और पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप पूरी की है। उनके अब तक 26 शोध पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके कार्यों को वैश्विक स्तर पर 1190 से अधिक बार साइटेशन मिल चुका है। कुलपति प्रो. रावत के मुताबिक उनकी यह नियुक्ति विवि की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और शैक्षणिक पहचान को वैश्विक मानचित्र पर नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर होगी।
विश्वविद्यालय से जुड़े अन्य दिग्गज विद्वान
डॉ. मीनू रानी (भूगोल)- इनके नाम एक पेटेंट और 2200 से अधिक साइटेशन दर्ज हैं।
डॉ. जिबू साबू एम. (अंग्रेजी)- इनकी पुस्तक प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से प्रकाशित है।
प्रो. दीपक पालीवाल (समाजशास्त्र)- बतौर प्रोफेसर विभाग को नई दिशा देंगे।
डॉ. रमेश चंद्र बेलवाल (कंप्यूटर विज्ञान)- तकनीक और शोध को बढ़ावा देंगे।
प्रो. प्रीति आर्या- नेशनल बुक ट्रस्ट से प्रकाशित लेखिका, जो संस्थान को अकादमिक मजबूती देंगी।
चारु चन्द्र तिवारी- उप पुस्तकालयाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे।
हमारा लक्ष्य कुमाऊं विवि को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करना है। डॉ. दत्त जैसे अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले विद्वानों के जुड़ने से न केवल विवि की वैश्विक रैंकिंग में सुधार होगा, बल्कि हमारे छात्रों को भी विश्वस्तरीय शोध और तकनीक को समझने का मौका मिलेगा। यह नियुक्तियां विवि की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक ठोस कदम हैं। - प्रो. डीएस रावत, कुलपति, कुमाऊं विवि नैनीताल।