सड़क चौड़िकरण के चलते अग्रसेन चौक के सामने दुकानों को तोड़ते मजदूर। संवाद
हल्द्वानी। नैनीताल रोड चौड़ीकरण की जद में आ रहे मकानों और दुकानों को कारोबारियों ने खुद ही तोड़ना शुरू कर दिया है। बीते दो दिन से अतिक्रमण ध्वस्त करने के इस अभियान में तेजी आई है। नतीजा यह है कि नैनीताल रोड के उस हिस्से में जहां दिनभर ग्राहकों की आवाजाही होती थी, अब वहां हथौड़े की आवाज गूंज रही है।
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति और सड़क सुरक्षा ऑडिट समिति ने साल भर पहले मंगलपड़ाव से रोडवेज तक सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 12-12 मीटर सड़क चौड़ीकरण की सिफारिश की थी। इसके बाद प्रशासन ने कई लोगों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने को कहा था। इनमें 20 दुकानें ही पूर्ण ध्वस्तीकरण की जद में आई थी। जिसमें नगर निगम की 12 और आठ निजी लोगों की थी। शेष में आंशिक ध्वस्तीकरण होना है। नगर निगम के किरायेदारों को दुकानें आवंटित हो चुकी हैं। शेष निजी लोगों में से अधिकतर ने अब खुद अपना अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। इस कार्य को मजदूरों की मदद से किया जा रहा है। शुक्रवार को नैनीताल रोड पर जगह-जगह मजदूर मकान और दुकानों के आगे के हिस्सों को तोड़ते नजर आए और पूरे दिन यह सिलसिला चलता रहा। एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण हटने से नैनीताल रोड चौड़ी होगी और यातायात व्यवस्था सुधरेगी।