नैनीताल। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था ठप होने से सफाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर पालिका परिषद के सभासदों ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। इसी क्रम में सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कूड़ा निस्तारण का कार्य ठीक से नहीं हो रहा है। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है और कई जगह कूड़ा खुले में फैल रहा है। खासकर पर्यटन सीजन में गंदगी बढ़ने से शहर की छवि भी प्रभावित हो रही है। सभासदों ने सभी वार्डों में नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की मांग की। जनहित में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने पर जोर दिया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में जितेंद्र पांडे, सपना बिष्ट, गजाला कमाल, मनोज साह जगाती और अंकित चंद्र शामिल थे।