हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में आत्महत्या करने वाले फार्मासिस्ट के कपड़ों को देखकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की है। पुलिस इस मामले में डीएनए टेस्ट भी कराएगी।
अल्मोड़ा जिले के बिरार जैंती लमगड़ा निवासी मनोज जोशी पुत्र लक्ष्मीकांत जोशी ने फार्मासिस्ट का कोर्स किया था। मनोज मेडिकल स्टोर में काम करने के साथ रामपुर रोड क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रहता था। मनोज 23 मार्च से कमरे पर नहीं आया तो मकान मालकिन ने परिजनों को सूचना दी। शनिवार शाम बच्चों ने इंदिरानगर स्लाटर हाउस के पास पेड़ पर लटके युवक का शव देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुुंची पुलिस ने युवक की जेब से आधार कार्ड और अन्य कागजात बरामद कर परिजनों को बुलाया। शव कई दिनों का होने के कारण पहचान में नहीं आ रहा था। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त की। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि डीएनए टेस्ट और घटना की तह तक जाने के लिए डॉक्टरों से विसरा सुरक्षित करने का अनुरोध किया गया है।
कोई बात दिल में चुभ गई थी
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में मनोज ने लिखा था कि उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म हो चुकी है। कोई ऐसी बात थी कि उसे दिल में लग गई थी। इसी कारण उसने जान देने का निर्णय लिया। इस मामले में परिजनों से जानकारी ली जाएगी।