काठगोदाम -बरेली के बीच डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) चलाने की योजना है। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे काम भी कर रहा है। पर इसके चलने में दो साल का वक्त लग सकता है। इसके संकेत बीते दिनों कुमाऊं दौर पर आये पूर्वोत्तर रेलवे जीएम ने भी दिये थे।
काठगोदाम-बरेली सिटी, बरेली जंक्शन के लिए कोई सीधी नियमित ट्रेन नहीं है। बरेली की सारी पैसेंजर ट्रेन लालकुआं से ही चलती हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने डीएमयू चलाने की योजना बनायी, जो की एक तरह की रेल बस होती है। इसमें पोजिशन चेंज करने के लिए इंजन भी बदलने की जरूरत नहीं होती है।
पर इसके चलने में तमाम औपचारिकता, संसाधन आदि जुटाने में कम से कम दो साल लग सकते हैं। बीते दिनों पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्रा जब कुमाऊं दौरे पर आये थे, तो उन्होंने भी इतनी अवधि लगने की बात कही थी। ऐसे में यात्रियों को अगर बीच में कोई सीधी ट्रेन नहीं चलती है, तो इस सेवा के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।