नैनीताल। उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा तीसरी बार उत्तराखंड से बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। शर्मा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन भी हैं।
नवगठित बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड में हुए चुनाव में देहरादून के अधिवक्ता राजवीर बिष्ट अध्यक्ष तथा सुशीला मेहता उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। डीके शर्मा इससे पहले 2004 से 2009 और 2018 से 2025 तक बीसीआई में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। डीके शर्मा उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में शामिल हैं।
वर्ष 2013 में उन्हें सीनियर एडवोकेट नामित किया गया था। वह उत्तराखंड सरकार के शासकीय अधिवक्ता और सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल, उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा ऊधमसिंह नगर जिला बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कुछ माह पूर्व उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव में 23 सदस्य निर्वाचित हुए थे। हाल में दो महिला अधिवक्ताओं को को- ऑप्ट सदस्य बनाए जाने के बाद बुधवार को बार बीसीआई सदस्य और उत्तराखंड बार काउंसिल की कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। बीसीआई सदस्य के लिए शर्मा को 26 में से 14 और चंद्रशेखर जोशी को 12 मत मिले।
अध्यक्ष पद के लिए राजवीर को 11, कुलदीप कुमार को 8, तथा योगेंद्र सिंह तोमर को 5 प्रथम वरीयता मत मिले। दो मत अवैध पाए गए। सुशीला मेहता निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
बीसीआई सदस्य का कार्यकाल पांच जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का एक वर्ष का रहेगा। चुनाव में आठ विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया।
डीके शर्मा