हल्द्वानी। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम मात्र 48.5 प्रतिशत हुआ है। इस पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एसआईआर के कार्यों में लेटलतीफी करने और कार्य को संतोषजनक तरीके से न करने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दुम्का मंगलवार को यहां नगर निगम सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के संबंध में जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों/ उपजिलाधिकारियों के साथ भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा गणना प्रपत्र वितरण के कार्य का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए और हर दिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक एईआरओ प्रातः सात बजे फील्ड में जाएं और चैक करें कि बीएलओ फील्ड में है या नहीं।
एडीएम विवेक राय ने कहा कि जिन बूथों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) का प्रतिशत कम है उन बूथों की तकनीकी समस्याओं तथा बूथों में आ रही समस्याओं का समाधान किया गया है। वहां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी परितोष वर्मा, एपी बाजपेयी, मोनिका, नवाजिश खलिक, गोपाल सिंह चौहान, अनुराग आर्य आदि थे।
ऑनलाइन माध्यम से भी भर सकते हैं गणना प्रपत्र
चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाएं और Special intensiv revision (SIR)-2026 पर क्लिक करें। इसके बाद अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या ईपीआईसी नंबर से लॉग इन करें। फिर Fill Enumeration Form पर क्लिक करें। अब अपना प्रदेश चुनें और ईपीआईसी नंबर डालकर सर्च करें। इसके बाद अपना नाम, ईपीआईसी नंबर, सीरियल नंबर, पार्ट नंबर, विधानसभा व लोकसभा क्षेत्र की डिटेल ध्यान से जांचें और अपना मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन करें। इसके बाद तीन विकल्प आएंगे। इसमें 2003 की वोटर लिस्ट में मतदाता का नाम, उस सूची में माता-पिता का नाम या दोनों में से किसी का भी नाम नहीं... शामिल है। इसमें सही विकल्प चुनने के बाद वेरिफिकेशन पूरा हो जाएगा तो मोबाइल स्क्रीन पर मैसेज दिखेगा कि आपका गणना फॉर्म सफलतापूर्वक सबमिट कर दिया गया है। इसके बाद आपको मोबाइल पर ही रिसिप्ट अथवा रिसीव स्लिप मिल जाएगी। इस स्लिप को आप डाउनलोड करके अपने पास रख लें और बीएलओ के घर आने पर उसे दें। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि ऑनलाइन एसआईआर करके मतदाता निर्वाचन जुड़े कर्मचारियों की मदद कर सकते हैं।