मंगल पड़ाव क्षेत्र में शनिवार को दूषित और बदबू युक्त पेयजल की सप्लाई होने से लोग परेशान रहे। लोगों ने तत्काल जलसंस्थान के अधिकारियों से शिकायत की। देर शाम तक विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जाने पर लोगों ने दूषित पेयजल की फोटो और वीडियो पुलिस को सौंपी। दूषित पेयजल की सप्लाई से गंभीर संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
मंगल पड़ाव क्षेत्र के पांडे गार्डन में करीब 25-30 परिवार रहते हैं। इन सभी परिवारों के यहां शनिवार को दूषित पेयजल की सप्लाई हुई। तेज सिंह भंडारी ने बताया सुबह नलों को खोलते ही मटमैले रंग का पानी आने लगा। आसपास के घरों में इसी तरह के पानी की सप्लाई हो रही थी। पानी से सीवर की तरह की बदबू आ रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि आसपास सीवर की लीकेज पेयजल लाइन में हो गई है जिस वजह से दूषित पेयजल की सप्लाई हो रही है।
अफसर बोले
हल्द्वानी। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि विभागीय कर्मचारी को भेजकर पता लगाया जाएगा। बिना जानकारी के कुछ कहना संभव नहीं है। जलसंस्थान के सहायक अभियंता चंदन देवड़ी ने बताया कि वह मामले का पता लगा रहे हैं। आशंका है कि कहीं लाइन लीकेज होने से मिट्टी आदि पेयजल लाइन में घुस गई है। रविवार को लाइन की मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल की सप्लाई की जाएगी।