हल्द्वानी। रेलवे प्रशासन ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से सटी भूमि के सीमांकन के लिए डिजिटल सर्वे पूरा कर लिया है। अब डोर टू डोर सर्वे शुरू होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने रेलवे से डिजिटल सर्वे से प्राप्त नक्शे आदि मांगे हैं।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से सटी रेलवे की लगभग 30 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण है। बहुचर्चित रेलवे भूमि पर अतिक्रमण हटाने का प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हाल में सुप्रीम कोर्ट ने अतिक्रमण वाली भूमि पर वर्षों से बसे लोगों के पुनर्वास को लेकर राज्य सरकार और रेलवे को निर्देश दिए थे। इसके बाद रेलवे के अधिकारियों ने भूमि का सीमांकन शुरू किया था। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे भूमि का डिजिटल सर्वे पूरा हो गया हैं।
अब अतिक्रमण वाली भूमि में डोर टू डोर सर्वे शुरू होना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने रेलवे अधिकारियाें से डिजिटल सर्वे से प्राप्त नक्शा मांगा है। इसके बाद ही जिला प्रशासन, राजस्व विभाग नक्शे के अधार पर डोर टू डोर सर्वे शुरू करेगा। सर्वे में जल संस्थान, बिजली विभाग, आंगनबाड़ी, राजस्व, खाद्य आपूर्ति विभाग आदि के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। संवाद