नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन की पहल पर नैनीताल जिला न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक डिजिटल ई-लाइब्रेरी का जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने उद्घाटन किया।
जिला जज ने इसे न्यायिक कार्यप्रणाली को गति देने वाला बताया और इसके लिए बार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से अधिवक्ता नवीनतम फैसलों के साथ ही विधिक तथ्यों को त्वरित जान सकेंगे। जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने कहा कि इससे न्याय प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व प्रभावी हो सकेगी। ई-लाइब्रेरी में सुप्रीम कोर्ट समेत देश के हाईकोर्ट से जुड़े 27 लाख से अधिक प्रकरणों का डाटाबेस उपलब्ध है। सचिव दीपक रुवाली ने बताया कि डिजिटल ई-लाइब्रेरी अत्याधुनिक एआई फीचर से लैस है। याचिकाओं और प्रार्थना पत्रों की ड्राफ्टिंग में भी यह उपयोगी सिद्ध होगी। इस मौके पर शंकर सिंह चौहान, सुशील शर्मा, मान सिंह बिष्ट, हरिशंकर कंसल, मनीष मोहन जोशी, राजेश चंदोला, पंकज बिष्ट आदि मौजूद रहे।