हल्द्वानी। गुजरौड़ा ग्रामसभा के मल्ला फतेहपुर में जल जीवन मिशन की पेयजल लाइन बिछाने का कार्य आधे में रोक दिया गया। गांव को जाने वाली सड़क खोद दी गई। जगह-जगह हुए गड्ढे मार्च से अब तक ढके नहीं गए। ऐसे में न गांव में पानी पहुंचा न ही पेयजल लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ।
गुजरौड़ा ग्राम पंचायत के फतेहपुर तोक में जनवरी से जल जीवन मिशन की एक करोड़ 21 लाख की योजना के तहत पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चल है। योजना से गांव में दो हजार की आबादी तक पानी पहुंचाने के लिए 15 किमी पेयजल लाइन बिछनी थी। इसके साथ ही मौजा स्राेत से गांव के पुराने टैंक के स्थान पर एक नए टैंक का निर्माण होना था जो अब अधूरा पड़ा है।
वर्तमान में गांव में प्राकृतिक जलस्रोतों और सिंचाई विभाग की नहर से पानी मिलता है। बीते दिनाें हुई बारिश से पुरानी लाइन और जलस्रोतों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार पीने के पानी के लिए उन्हें अब भी क्षतिग्रस्त जलस्रोतों और टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है।
कोट-
पेयजल योजना का कार्य अधूरा छोड़ा गया है। कई जगह सड़कों के बीच पेयजल लाइनें डाल दी गई हैं। दो हजार ग्रामीण वर्तमान में क्षतिग्रस्त पेयजल स्रोत से पानी भरने के लिए कई किलोमीटर दूर जाने को मजबूर हैं। - ऋतु जोशी, ग्राम प्रधान।
फतेहपुर में एक करोड़ 21 लाख से एक पेयजल योजना के तहत लगभग 15 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछनी है। इसमें आठ किमी लाइन बिछाना बाकी है। ठेकेदार को इससे पहले भी कई नोटिस भेजे जा चुके हैं। बुधवार को निरीक्षण के बाद कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। - रमा शंकर विश्वकर्मा, नोडल अधिकारी, जल जीवन मिशन।